पंचायत में बवाल : PM आवास में देरी, हितग्राही ने कुल्हाड़ी से कर्मचारी पर किया जानलेवा हमला

जगदलपुर. छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में सरकारी योजनाओं की समयसीमा अब जमीनी टकराव में बदलती दिख रही है. प्रधानमंत्री आवास योजना के काम में देरी को लेकर आक्रोशित हितग्राही ने ग्राम रोजगार सहायक पर शुक्रवार को जानलेवा किया हमला. तोकापाल ब्लॉक के ग्राम पंचायत मंडवा में कार्यरत रोजगार सहायक जगदीश कश्यप पर आवास हितग्राही ने धारदार हथियार से हमला कर दिया.
पंचायत में घुसकर हमला
घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की है, जब रोजगार सहायक पंचायत में योजनाओं की प्रगति का काम देख रहा था. इसी दौरान हितग्राही सुखराम हथियार लेकर पंचायत में घुसा और अचानक हमला कर दिया. हमले में रोजगार सहायक के सिर, कमर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं. घायल को डिमरापाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है.
जांच करेगी पुलिस
डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. हालांकि यह घटना सवाल उठाती है कि क्या योजनाओं की सख्त डेडलाइन ने जमीनी स्तर पर तनाव बढ़ा दिया है. सूचना मिलते ही कोड़ेनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि हमले के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है.










