सीधी में दर्दनाक हादसा: ऑटो की टक्कर से 20 वर्षीय युवक की मौत

सीधी: शहर के जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मधुरी एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई. तेज रफ्तार ऑटो ने पीछे से बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

मृतक की पहचान नौढ़िया निवासी शिवेंद्र प्रजापति (20) पिता अवधलाल के रूप में हुई है. शिवेंद्र कलेक्ट्रेट के पास अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. जैसे ही वे मधुरी के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे ऑटो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवेंद्र सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना के तुरंत बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया. हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे. उन्होंने अस्पताल परिसर में शव रखकर चक्काजाम की तैयारी शुरू कर दी.

कोतवाली थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी. उन्होंने दोषी ऑटो चालक की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ. पुलिस ने वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है. इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.

close