इटावा में जानलेवा हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर बढ़ा जनाक्रोश, थाने पर धरने की चेतावनी

इटावा : जनपद के बकेवर थाना क्षेत्र में धारदार हथियार से हुए जानलेवा हमले के मामले में 45 दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से जनआक्रोश तेज होता जा रहा है.घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर नाराजगी लगातार बढ़ रही है.इस बीच ब्राह्मण समाज महासभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन का प्रयास किया, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया.
हमले के बाद फैली नाराजगी
थाना क्षेत्र के गांव करवा बुजुर्ग निवासी चन्द्र मोहन पांडेय पर गांव के ही कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया था.इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना बकेवर में मुकदमा दर्ज किया गया, लेकिन डेढ़ माह से अधिक समय बीतने के बाद भी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है.
धरने की तैयारी, पुलिस ने मांगा समय
आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित ब्राह्मण समाज महासभा के लोग थाना परिसर पहुंचे और धरना देने की तैयारी कर ली.संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है और आरोपियों को संरक्षण दिया जा रहा है। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने संगठन के लोगों से बातचीत कर दो दिन का समय मांगा और शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया.इसके बाद संगठन ने फिलहाल अपना धरना स्थगित कर दिया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि वादा पूरा नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा.
मुख्य आरोपी पर इनाम, दबिश तेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मुख्य आरोपी रामसरोवर की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है.पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
नजरें पुलिस कार्रवाई पर
फिलहाल पूरे मामले में पीड़ित परिवार और समाज की नजरें पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। यदि तय समय सीमा में गिरफ्तारी नहीं होती है तो बकेवर ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में विरोध-प्रदर्शन तेज होने की संभावना जताई जा रही है.











