बहराइच में जंगली जानवर का हमला, खेत में काम कर रही महिला गंभीर घायल, ग्रामीणों में दहशत
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में जंगली जानवर के हमले की एक और घटना सामने आई है। हरदी थाना क्षेत्र के शिवबक्स पुरवा गांव में खेत में काम कर रही एक महिला पर अज्ञात जंगली जानवर ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों के मुताबिक रामावती गेहूं के खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिवार के लोगों ने तलाश शुरू की तो वह खेत में लहूलुहान अवस्था में मिलीं। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि हमला करने वाला जानवर भेड़िया हो सकता है। घायल महिला के परिजनों ने बताया कि जानवर का मुंह लंबा और डरावना था। क्षेत्र में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोग खौफ में हैं और खेतों में जाने से डर रहे हैं।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई कर जंगली जानवर को पकड़ने की मांग की है, ताकि इलाके में फैले भय का माहौल खत्म हो सके।











