अमेठी में PM आवास योजना पर बड़ा एक्शन, 35.50 लाख की रिकवरी से मचा हड़कंप

अमेठी : प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत आवास निर्माण न कराने वाले लाभार्थियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है.अब तक 35.50 लाख रुपये की रिकवरी की जा चुकी है.जिन लाभार्थियों ने किस्त लेने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया, उनसे धनराशि वापस ली जा रही है.
योजना के तहत 53 लाभार्थियों को 50-50 हजार रुपये की पहली किस्त जारी की गई थी.लेकिन उन्होंने आवास निर्माण प्रारंभ नहीं किया.इनसे कुल 26 लाख 59 हजार रुपये की वसूली की जा चुकी है। इनमें अमेठी नगर पंचायत के 10, गौरीगंज के 3, जायस के 36 तथा मुसाफिरखाना के 4 लाभार्थी शामिल हैं.
इसके अलावा 6 लाभार्थियों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की दूसरी किस्त भी जारी हो चुकी थी, लेकिन निर्माण कार्य नहीं होने पर उनसे 9 लाख रुपये की रिकवरी की गई है। इनमें अमेठी के एक तथा जायस के 5 लाभार्थी शामिल हैं। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक अभी 117 अन्य लाभार्थी ऐसे चिन्हित किए गए हैं जिन्होंने योजना की धनराशि प्राप्त करने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया है.
इनके खिलाफ भी रिकवरी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। नगरीय विकास प्राधिकरण की परियोजना निदेशक प्रीति तिवारी ने बताया कि शासन के निर्देश पर योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन लाभार्थियों ने आवास का निर्माण नहीं कराया है, उनसे धनराशि वापस ली जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा.











