बलिया में इश्क, ‘तस्वीरें’ और साजिश, शादी समारोह में बना मर्डर का प्लान, तेजाब से पहचान मिटाने की थी कोशिश

यूपी : बलिया में हत्या से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. रसड़ा थाना क्षेत्र में पिछले दिनों मिले एक अज्ञात शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. यह मामला प्रेम संबंध और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा निकला, जिसमें पांच लोगों ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी थी. पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना का खुलासा और शिनाख्त
10 फरवरी 2026 को चिलकहर-नत्थोपुर मार्ग पर ग्राम लोहटा के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला था. स्वाट/सर्विलांस और रसड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की, तो मृतक की पहचान पंकज गुप्ता (निवासी आजमगढ़) के रूप में हुई. विवेचना में सामने आया कि पंकज की हत्या की साजिश रची गई थी.
ब्लैकमेलिंग बनी हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ. मृतक पंकज गुप्ता के पास आरोपी विजय पाल सिंह की बहन रेखा सिंह की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो थे. पंकज इन तस्वीरों के जरिए रेखा पर लगातार दबाव बना रहा था और उसे परेशान कर रहा था. रेखा ने यह बात अपने पति अरुण सोनी और भाभी अंजनी सिंह को बताई.
शादी के घर में बना ‘डेथ प्लान’
पुलिस के मुताबिक साजिश की कहानी 5 फरवरी को एक शादी समारोह के दौरान लिखी गई. बलिया के चिलकहर में एक विवाह कार्यक्रम में आरोपियों ने मिलकर तय किया कि पंकज को रास्ते से हटाना ही एकमात्र रास्ता है. 7 फरवरी को पंकज को बहाने से बुलाया गया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई. साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपियों ने मृतक के कपड़े जला दिए और मोबाइल दूर फेंक दिया.
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रविवार को घेराबंदी कर तीन आरोपियों मनीष सिंह (निवासी चिलकहर, बलिया), विजय पाल सिंह (निवासी आजमगढ़), अंजनी सिंह (विजय पाल की पत्नी) को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतक का मोबाइल, तेजाब की दो खाली बोतलें और घटना में इस्तेमाल की गई होंडा मोटरसाइकिल (UP50Y3095) बरामद की है. वही फरार अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है.











