आबकारी मामले में राहत के बाद केजरीवाल का हमला, बोले- मुझसे इतनी नफरत क्यों

दिल्ली आबकारी नीति मामले में अदालत से राहत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जंतर-मंतर पर जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने खुद को ‘कट्टर ईमानदार’ बताते हुए अदालत के फैसले को सत्य की जीत करार दिया और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।
केजरीवाल ने कहा कि पिछले चार वर्षों से उन्हें भ्रष्ट साबित करने की साजिश रची गई, लेकिन अदालत के फैसले ने सच्चाई सामने ला दी। उन्होंने दावा किया कि यह फैसला न केवल उनके लिए, बल्कि दिल्ली की जनता के लिए भी ऐतिहासिक है। उन्होंने न्यायालय का आभार जताते हुए कहा कि दबाव के माहौल में भी निष्पक्ष निर्णय दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने सवाल किया कि उनसे इतनी नफरत क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी का कुछ नहीं बिगाड़ा और हमेशा ईमानदारी से काम किया। अपने पुराने कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा के दौरान भी उन्होंने भ्रष्टाचार से समझौता नहीं किया।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर देश को गलत दिशा में ले जाने का आरोप लगाया। प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, बेरोजगारी और बुनियादी ढांचे की समस्याओं को उठाते हुए उन्होंने कहा कि विकास के दावों के बावजूद आम लोगों की परेशानियां कम नहीं हुई हैं।
केजरीवाल ने कहा कि यदि कोई ठेकेदार यह साबित कर दे कि उन्होंने पैसा लिया है, तो वह राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों को जेल में डालकर डराने की कोशिश की जा रही है।
जनसभा के दौरान उन्होंने समर्थकों से अपील की कि अन्याय और तानाशाही के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा कि देश को विकसित बनाने से पहले उसे रहने लायक बनाना जरूरी है और इसके लिए पारदर्शी व जवाबदेह शासन आवश्यक है।











