राजस्थान: बच्चों की सेहत से खिलवाड़! एक्सपायरी चिप्स और कोल्ड ड्रिंक बिकती मिली, 133 लीटर मूंगफली तेल सीज

डीडवाना – कुचामन: होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है.
आपको बता दें नावां शहर में बच्चों को एक्सपायरी डेट की चिप्स बेची जा रही थी,वही अवधिपार कोल्ड ड्रिंक का भी विक्रय किया जा रहा था. टीम ने छापा मारकर कार्रवाई करते हुए मौके पर ही जब्त कर नष्ट कराया साथ ही 133 लीटर मूंगफली के तेल को अमानक गुणवत्ता के संदेह में सीज किया गया है.
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशों और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी के मार्गदर्शन में “शुद्ध आहार—मिलावट पर वार” अभियान के तहत यह विशेष जांच अभियान चलाया गया. इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा टीम ने नावां स्थित मां दुर्गा रेस्टोरेंट, मेसर्स बालकिशन बेरीवाल और मां लक्ष्मी मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान मां दुर्गा रेस्टोरेंट पर बच्चों को बेची जा रही एक्सपायरी डेट की चिप्स और कोल्ड ड्रिंक मिली. करीब 15 किलो एक्सपायरी खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया. विभाग ने इसे बच्चों की सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ माना है. यहां से गुलाब जामुन और पेड़ा मिठाई के नमूने भी लिए गए.
वहीं मेसर्स बालकिशन बेरीवाल से मूंगफली तेल का नमूना लेकर 133 लीटर तेल को अमानक गुणवत्ता के संदेह में सीज कर दिया गया. मां लक्ष्मी मिष्ठान भंडार से पेड़ा, कलाकंद और चमचम के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। सभी सैंपल जन प्रयोगशाला में जांच के लिए भिजवाए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद Food Safety and Standards Act, 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.

खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने आमजन से अपील की कि वे केवल लाइसेंसधारी और विश्वसनीय दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें तथा पैक्ड सामान लेते समय पैकेजिंग तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि अवश्य जांचें.
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान मिलावट या एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचते पाए जाने पर व्यापारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इस कार्रवाई के दौरान प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारी और सहायक कर्मचारी राजूराम भी मौजूद रहे. त्योहारों के मौसम में विभाग की यह सख्ती साफ संकेत है कि अब मिलावटखोरों और लापरवाह व्यापारियों पर शिकंजा कसना तय है.











