दुबई में फंसे MP के श्रद्धालु, रेड अलर्ट के बीच फ्लाइट रद, श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने पहुंचा था परिवार

बदनावर। दुबई के बर दुबई स्थित ग्रैंड एक्सेसियर होटल में दो से आठ मार्च तक आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा अंतरराष्ट्रीय हालात और फ्लाइट संचालन प्रभावित होने के कारण फिलहाल अधर में लटक गई है। रेड अलर्ट घोषित होने के बाद सार्वजनिक कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए हैं, जिससे कथा आयोजन भी स्थगित करना पड़ा।
कथा का वाचन मालवा माटी के प्रसिद्ध संत कमलकिशोर नागर के सुपुत्र कथावाचक प्रभुश्री नागर द्वारा किया जाना था। वे एक मार्च को 16 सदस्यीय दल के साथ दुबई के लिए रवाना होने वाले थे, जबकि उनके साथ 100 से अधिक अनुयायियों के पहुंचने की संभावना थी, लेकिन उड़ानें प्रभावित होने के कारण गुरुजी ने दुबई यात्रा निरस्त कर दी।
बदनावर से पहले ही पहुंच गए थे 7 सदस्य
धार जिले की बदनावर तहसील के ग्राम सेमलिया निवासी आयोजक गोपाल पुरोहित 28 फरवरी को सुबह 10 बजे इंदौर से सात सदस्यीय दल के साथ दुबई रवाना हुए थे। दल में गोपाल पुरोहित, सोहन पुरोहित, राजेंद्र पुरोहित, सावित्री पुरोहित, जितेंद्र पुरोहित, कौशल्या पुरोहित तथा राजस्थान के पाली निवासी नटवर सिंह पुरोहित शामिल हैं। ये सभी कथावाचक की अगवानी के लिए एक दिन पहले दुबई पहुंच गए थे। गोपाल पुरोहित के अनुसार उनकी फ्लाइट दुबई दोपहर करीब एक बजे उतरी और आधे घंटे बाद ही युद्ध जैसे हालात की घोषणा कर दी गई। यदि यह स्थिति पहले बनती तो फ्लाइट भी वहां नहीं पहुंच पाती।
होटल और आयोजन की तैयारियां रहीं बेकार
कथा आयोजन के लिए होटल, हाल और भोजन व्यवस्था पहले से बुक कर ली गई थी, लेकिन कार्यक्रम स्थगित होने से सारी तैयारियां फिलहाल बेकार चली गईं। आयोजकों के अनुसार कथा के लिए कुछ श्रद्धालु पहले ही पहुंच चुके थे, जबकि कई अन्य बाद में आने वाले थे।
आसमान में जेट फाइटर, गिरते मलबे से दहशत
पुरोहित ने बताया कि शारजाह क्षेत्र में सोमवार को दिनभर जेट फाइटर उड़ान भरते नजर आए। हर कुछ समय में विस्फोट जैसी स्थिति बन रही है और गिरते मलबे से लोगों के घायल होने की खबरें भी सामने आई हैं, जिससे भय का माहौल बना हुआ है।

हालात सामान्य होने का इंतजार
आयोजक गोपाल पुरोहित ने बताया कि फिलहाल कथा आयोजन निरस्त है। परिस्थितियां सामान्य होने के बाद ही आगे की योजना तय की जाएगी और तभी सभी श्रद्धालु वापस लौटेंगे या आयोजन की नई तिथि घोषित की जाएगी।

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com