भोपाल में शर्मनाक हरकत, नहाती महिला का वीडियो बनाता पकड़ा गया पड़ोसी ड्राइवर; पुलिस ने किया गिरफ्तार

भोपाल। अशोकागार्डन के ग्राम कोलुआ में एक विवाहिता का नहाते समय बाथरूम में मोबाइल से वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। महिला ने आरोपी के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला

अशोकागार्डन पुलिस के मुताबिक 25 वर्षीय महिला अपने पति के साथ किराये के मकान में रहती है। आरोपी ड्राइवर किशन लोधी अपनी पत्नी और डेढ़ साल की बेटी के साथ किराये से रहता है। दोनों के बीच एक संयुक्त बाथरूम है, जिसकी ऊंचाई पर खिड़की टूटी हुई है।
शनिवार दोपहर महिला जब बाथरूम में नहा रही थी, तभी आरोपी ने टूटी खिड़की पर मोबाइल रखकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। नहाते समय महिला की नजर मोबाइल पर पड़ी। उसने तुरंत कपड़े पहने और बाहर आकर देखा तो किशन लोधी बाहर बैठा मिला।

पुलिस में शिकायत दर्ज

महिला ने आरोपी की हरकत का विरोध किया और उसका मोबाइल छीनकर देखा, जिसमें नहाते समय का वीडियो मिला। इसके बाद वह थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी किशन लोधी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पत्नी इन दिनों बेटी के साथ मायके में है।

close