सिद्धार्थनगर: नदी किनारे पेड़ से लटका मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी

​सिद्धार्थनगर: जिले के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रतनपुर गांव के पास बूढी राप्ती नदी के किनारे एक युवक का शव पेड़ से फंदे पर झूलता पाया गया. मृतक की पहचान 20 वर्षीय अजीत यादव उर्फ गोलू के रूप में हुई है.

​दोपहर से लापता था युवक

​परिजनों के अनुसार, अजीत सोमवार दोपहर करीब 3 बजे भोजन करने के बाद घर से निकला था. जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिवार ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला. मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे ग्रामीणों ने उसका शव महारथ गांव के सिवान में एक भिलौर के पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका देखा.

​परिवार में कोहराम

​अजीत के पिता चंद्रप्रकाश यादव ने बताया कि उनके चार बच्चों में अजीत दूसरे नंबर का बेटा था. इस घटना के बाद से बहन एकता, छोटे भाई प्रिंस और छोटी बहन श्वेता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

​पुलिस की कार्रवाई

​घटना की सूचना मिलते ही मिश्रौलिया थाना निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

​”प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सटीक कारणों का खुलासा अभी नहीं हुआ है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”
— राजेश कुमार तिवारी, थाना निरीक्षक

close