सोलर पैनल सफाई के दौरान करंट लगने से झुलसा युवक, दो मंजिला मकान से गिरकर मौत; भाजपा नेता के घर लापरवाही के आरोप

रीवा: शहर के खैरा इलाके में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया. कथित भाजपा नेता और प्रमुख व्यवसायी जयंत खन्ना के निवास पर सोलर पैनल की सफाई कर रहे एक श्रमिक की दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग संजय गांधी अस्पताल पहुंचे.

प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक BJP नेता जयंत खन्ना के आवास की दूसरी मंजिल पर लगे सोलर पैनल की सफाई कर रहा था. इसी दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया. करंट लगने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे जमीन पर आ गिरा. गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ वर्न यूनिट के डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना के बाद अस्पताल और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा. चर्चा है कि मामला हाई-प्रोफाइल होने के कारण कुछ लोगों ने मीडिया कर्मियों को कवरेज करने से रोकने का प्रयास किया. सूत्रों के अनुसार, कुछ वीडियो फुटेज डिलीट करने का दबाव भी बनाया गया और मीडिया कर्मियों से कवरेज ले दौरान अभद्रता की गई है, जिससे मामले को लेकर और भी संदेह गहरा रहे हैं.

इस हादसे ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सवाल उठ रहे हैं कि क्या ऊंचाई पर काम कर रहे श्रमिक को सुरक्षा बेल्ट या अन्य उपकरण दिए गए थे, क्या बिजली आपूर्ति बंद किए बिना ही सफाई का काम कराया जा रहा था इस लापरवाही की जिम्मेदारी आखिर किसकी तय होगी?

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है. वहीं, मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने उचित मुआवजे और निष्पक्ष जांच की मांग की है. अब देखना यह होगा कि क्या इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई होती है या रसूख के चलते यह मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close