मिर्जापुर फेम राजेश तैलंग की मां का निधन, त्योहार के दिन परिवार में छाया शोक

फिल्म और ओटीटी जगत के जाने-माने अभिनेता राजेश तैलंग की मां का निधन हो गया है। त्योहार के दिन आई इस दुखद खबर से उनके परिवार में शोक का माहौल है। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अपनी मां की तस्वीर साझा कर इस बात की जानकारी दी।
राजेश तैलंग ने मां की एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह हारमोनियम पर रियाज करती नजर आ रही हैं। इसके साथ उन्होंने भावुक संदेश लिखते हुए कहा, “जो इस दुनिया में लाई, आज इस दुनिया से चली गई। मां नहीं रही।” अभिनेता की इस पोस्ट के बाद प्रशंसक और फिल्म जगत से जुड़े लोग संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
कई कलाकारों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। लोगों ने अभिनेता और उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत देने की कामना की।
राजेश तैलंग लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री और थिएटर से जुड़े हुए हैं। वे कविताएं भी लिखते हैं और कई चर्चित फिल्मों व वेब सीरीज में नजर आ चुके हैं। उनके बड़े भाई सुधीर तैलंग प्रख्यात कार्टूनिस्ट थे, जिन्हें साहित्य और कला के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। उनका निधन वर्ष 2016 में हो गया था।
राजेश तैलंग ने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1998 में की थी और वे कई फिल्मों के साथ-साथ लोकप्रिय वेब सीरीज में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुके हैं। मां के निधन की खबर से उनके प्रशंसकों में भी शोक की लहर है।