होली के दिन नोएडा की सोसाइटी में युवक की गोली मारकर हत्या, वैवाहिक विवाद बना वजह

नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी में होली के दिन एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान साहिल सिंघल के रूप में हुई है, जो उसी सोसाइटी में रहता था। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे वैवाहिक संबंधों को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक साहिल पहले से शादीशुदा था और पिछले चार वर्षों से एक अन्य महिला के साथ उसके संबंध थे। इस रिश्ते को लेकर महिला के परिवार में नाराजगी थी। होली के दिन महिला अपने दो भाइयों के साथ साहिल से मिलने सोसाइटी पहुंची थी। बताया जा रहा है कि सोसाइटी में उनकी एंट्री साहिल की ओर से कराई गई थी।
मुलाकात के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान महिला के एक भाई ने पिस्टल निकालकर साहिल पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद सोसाइटी में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोग और परिजन घायल साहिल को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, गोली लगने से उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। घटना के बाद सोसाइटी में दहशत का माहौल बना हुआ है।











