तेज रफ्तार ट्रक ने दोपहिया सवार को रौंदा, मौके पर मौत

बालोद। बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार ट्रक ने लूना चालक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। यह हादसा डौंडी थाना क्षेत्र के राम जानकी मंदिर के पास हुआ। इस दुर्घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो दिल दहला देने वाला है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सामसाय मसियारे (55 वर्ष) निवासी ग्राम परसोदा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक दल्लीराजहरा की ओर से आ रहा था, जबकि लूना चालक मथाई चौक से डौंडी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान राम जानकी मंदिर के पास ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोग बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और चक्का जाम कर दिया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। चक्का जाम के कारण भानुप्रतापपुर–बालोद–राजनांदगांव मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।











