उत्तर प्रदेश: बोर्ड परीक्षा दे रही इंटर की छात्रा ने घर में लगाई फांसी, परिजनों में मची चीख-पुकार

इटावा: इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र के ग्राम मानिकपुर मोहन में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 16 वर्षीय किशोरी ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका इंटरमीडिएट की छात्रा थी और इन दिनों बोर्ड परीक्षा दे रही थी. घटना के समय वह घर में अकेली थी. सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

आपको बता दें ग्राम मानिकपुर मोहन निवासी स्वर्गीय नितिन राजपूत की पुत्री मुस्कान शुक्रवार दोपहर घर पर अकेली थी. बताया गया कि उसकी मां पुष्पा देवी अपने बीमार बेटे आरव को दवा दिलाने के लिए अस्पताल गई थीं, जबकि बड़ी बहन वर्षा पढ़ाई के लिए बाहर गई हुई थी. घर में अकेली होने का फायदा उठाकर मुस्कान ने कमरे में बेड पर चढ़कर पंखे के कुंडे में दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली.

इधर अस्पताल में मौजूद मां पुष्पा देवी ने जब बेटी मुस्कान को फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। कई बार फोन करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद उन्होंने मुस्कान के बाबा अहिबरन सिंह को फोन कर घर जाकर देखने को कहा. बाबा जब दुकान से घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला. संदेह होने पर पड़ोसियों की मदद से लोग छत के रास्ते घर के अंदर पहुंचे.

घर के अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए. कमरे में मुस्कान का शव पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। यह दृश्य देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई.

बताया गया कि मुस्कान तीन बहनों में मंझली थी और इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही थी। उसकी अचानक मौत की खबर मिलते ही बहन वर्षा, अवनी और मां पुष्पा देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव को फंदे से नीचे उतार लिया था. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गृहक्लेश या मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close