रीवा में दबंगई: होली के दिन युवक की बेरहमी से पिटाई, हफ्ते भर बाद भी पुलिस के हाथ खाली

रीवा: जिले के सेमरिया थाना अंतर्गत शाहपुर चौकी क्षेत्र में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक वारदात सामने आई है. होली के त्यौहार के दिन एक युवक को दबंगों ने बीच रास्ते रोककर बेरहमी से पीटा. घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

पीड़ित अंकित साकेत ने बताया कि वह होली के दिन अपने गांव लौट रहा था. जैसे ही वह साईं ढाबा के समीप पुलिया के पास पहुंचा, वहां पहले से घात लगाकर बैठे गांव के ही कुछ दबंगों ने उसे घेर लिया. अंकित का आरोप है कि आशीष सिंह बघेल, शैलू शुक्ला और सचिन द्विवेदी ने अपने 10-12 अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उसे गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. हमलावरों ने मारपीट के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी.

घटना की तुरंत बाद सेमरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. न्याय की आस में पीड़ित युवक रीवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के भी चक्कर लगा चुका है. पीड़ित का आरोप है कि पुलिस रसूखदारों के दबाव में काम कर रही है, जिसके कारण अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और उनके हौसले बुलंद हैं.

आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है. ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो वे उग्र आंदोलन और चक्का जाम करने के लिए मजबूर होंगे.

close