आज जारी होगी महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त, 69 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में भेजी जाएगी राशि

छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त आज जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बस्तर से कार्यक्रम के दौरान इस योजना की राशि सीधे लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे।
सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस बार राज्य की 69 लाख से अधिक महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान डिजिटल माध्यम से राशि ट्रांसफर की जाएगी, जिससे पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता मिल सके।
महतारी वंदन योजना के तहत राज्य की पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना, उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार करना तथा परिवार में उनकी भागीदारी और निर्णय क्षमता को बढ़ाना है।
सरकार का कहना है कि योजना के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा दिया जा रहा है और समाज में महिलाओं के प्रति भेदभाव तथा असमानता को कम करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
योजना का लाभ लेने वाली महिलाएं अपने भुगतान की स्थिति ऑनलाइन भी देख सकती हैं। इसके लिए महतारी वंदन योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन या भुगतान की स्थिति वाले विकल्प पर क्लिक करना होगा। वहां लाभार्थी क्रमांक या मोबाइल नंबर और कैप्चा कोड दर्ज करने के बाद सबमिट करते ही भुगतान की पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी।