महाकाल के दर्शन के बाद सीएम मोहन यादव ने मनाई रंग पंचमी, पारंपरिक गेर में उड़ाया 25 क्विंटल हर्बल गुलाल

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में रंग पंचमी का पर्व पूरे उत्साह और परंपरागत तरीके से मनाया। उन्होंने सबसे पहले बाबा महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री महाकाल मंदिर से निकलने वाली पारंपरिक गेर में शामिल हुए और रंग गुलाल के साथ उत्सव में भाग लिया।
रंग पंचमी के अवसर पर मुख्यमंत्री ने गेर की शुरुआत से पहले ध्वजा का पूजन किया। इस दौरान अखाड़ों के शस्त्रों की विधि-विधान से पूजा की गई और मुख्यमंत्री ने शस्त्र संचालन कर उनका प्रदर्शन भी किया।
उज्जैन में रंग पंचमी का पर्व इस बार भी धूमधाम से मनाया गया। पारंपरिक गेर में लगभग 25 क्विंटल हर्बल गुलाल का उपयोग किया गया। आयोजन में झांकियां, ताशा-ढोल, नृत्य दल और बैंड पार्टियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। इंदौर के प्रसिद्ध राजकुमार बैंड ने भी अपनी प्रस्तुति दी, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई।
गेर के दौरान मुख्यमंत्री के लिए विशेष वाहन की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और एहतियात के तौर पर 14 फायर ब्रिगेड वाहन भी मौके पर मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रंग पंचमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रंगों का यह पर्व लोगों के जीवन में उत्साह और उल्लास बढ़ाने वाला है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह त्योहार सभी के जीवन में खुशहाली और आनंद लेकर आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहार समाज में आपसी भाईचारा और समरसता बढ़ाने का माध्यम होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी त्योहारों को उत्साह और मिलजुलकर मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाना जरूरी है, क्योंकि इससे समाज में एकता और सद्भाव मजबूत होता है।