उत्तर प्रदेश: बहराइच के स्कूल में शिक्षिका ने की मासूम बच्चे की पिटाई, बच्चे के पिता ने लगाए कई आरोप

बहराइच: यूपी के बहराइच में तेजवापुर ब्लॉक के मटेरिया गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में एक छात्र की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है.

आरोप है कि स्कूल की शिक्षिका आयशा खातून ने कक्षा 5 के छात्र रमन को लोहे की रॉड से पीट दिया. पिटाई के बाद बच्चे के शरीर पर कई जगह नीले निशान उभर आए हैं.

पीड़ित छात्र के पिता संजय गुप्ता ने आरोप लगाया है कि शिक्षिका ने न केवल बच्चे के साथ शारीरिक हिंसा की, बल्कि धार्मिक प्रतीकों को लेकर भी आपत्तिजनक व्यवहार करती हैं। उनके मुताबिक, शिक्षिका उन बच्चों को डांटती और प्रताड़ित करती हैं जो माथे पर चंदन या तिलक लगाकर विद्यालय आते हैं।

नवरात्रि और हिंदू त्योहारों के समय बढ़ता है विवाद

परिजनों का कहना है कि नवरात्रि और अन्य हिंदू त्योहारों के दौरान धार्मिक प्रतीकों को लेकर शिक्षिका का रवैया और सख्त हो जाता है। उनका आरोप है कि शिक्षा के मंदिर में धर्म के आधार पर बच्चों को डराने और प्रताड़ित करने का माहौल बनाया जा रहा है.

मामले को दबाने और जबरन सुलह का आरोप

घटना के बाद शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जहां अधिकारियों को तुरंत सख्त कार्रवाई करनी चाहिए थी, वहीं देर शाम तक कुछ अधिकारी और शिक्षक उन्हें समझौते के लिए दबाव बनाते रहे। परिवार का कहना है कि भारी दबाव के चलते उन्हें सुलह के कागजों पर हस्ताक्षर करने पड़े.

बीईओ ने जांच की कही बात

ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रंजीत कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.

छात्र ने स्कूल जाने से किया इनकार

घटना के बाद छात्र रमन मानसिक रूप से काफी डरा हुआ है। परिजनों के मुताबिक लोहे की रॉड से हुई पिटाई और मानसिक प्रताड़ना के कारण उसने फिलहाल स्कूल जाने से इनकार कर दिया है। परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close