क्वेंटिन टैरेंटिनो की फिल्मों पर नस्लवाद का आरोप, हॉलीवुड एक्ट्रेस रोसन्ना आर्केट ने जताई नाराज़गी

हॉलीवुड में इन दिनों नस्लवाद को लेकर बहस तेज हो गई है। इसी बीच हॉलीवुड एक्ट्रेस रोसन्ना आर्केट ने मशहूर फिल्म निर्देशक क्वेंटिन टैरेंटिनो की फिल्मों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि टैरेंटिनो की फिल्मों में इस्तेमाल होने वाले नस्लीय शब्द और जोक्स कला नहीं बल्कि साफ तौर पर नस्लवाद को बढ़ावा देते हैं।
रोसन्ना आर्केट ने खास तौर पर टैरेंटिनो की मशहूर फिल्म ‘पल्प फिक्शन’ का जिक्र करते हुए कहा कि यह फिल्म भले ही बेहद आइकॉनिक मानी जाती हो, लेकिन उसमें इस्तेमाल किए गए नस्लीय शब्दों से उन्हें हमेशा असहजता हुई है। उन्होंने कहा कि वह ‘एन-शब्द’ के बार-बार इस्तेमाल से तंग आ चुकी हैं और उन्हें यह बिल्कुल भी स्वीकार नहीं है कि इसे कला के नाम पर सही ठहराया जाए।
एक्ट्रेस ने कहा कि ऐसे शब्दों का इस्तेमाल मनोरंजन नहीं बल्कि अपमानजनक और घिनौना है। उनके मुताबिक फिल्मों में इस तरह की भाषा को खत्म किया जाना चाहिए।
क्वेंटिन टैरेंटिनो पर इससे पहले भी कई बार नस्लीय अपशब्दों के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठते रहे हैं। उनकी कई फिल्मों में यह शब्द बार-बार सुनाई देता है। इनमें ‘द हेटफुल एट’, ‘जैंगो अनचेन्ड’ और ‘जैकी ब्राउन’ जैसी फिल्में शामिल हैं।
आलोचकों का कहना है कि टैरेंटिनो अपनी फिल्मों में इन शब्दों का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। कई बार यह केवल किरदारों की कहानी का हिस्सा नहीं बल्कि निर्देशक के निजी नजरिए जैसा महसूस होता है, जिस पर लंबे समय से बहस चलती रही है।











