आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने के आरोप में दो युवक गिरफ्तार

बिहार के दरभंगा जिले में साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर महिलाओं की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों की गिरफ्तारी उनकी पत्नियों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक मनीगाछी थाना क्षेत्र का निवासी है, जबकि दूसरा सकतपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों आरोपियों की पत्नियों ने एक-दूसरे के पति के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो प्रसारित करने का आरोप लगाते हुए साइबर थाने में मामला दर्ज कराया था।
साइबर डीएसपी विपिन बिहारी ने बताया कि मामले की जांच के बाद पुलिस ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जांच में सामने आया कि मनीगाछी थाना क्षेत्र के आरोपी राम सुजीत शर्मा ने एक अविवाहित युवती से वीडियो कॉल के दौरान उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए थे। इसके बाद वह युवती को ब्लैकमेल कर परेशान करने लगा और उस पर शादी का दबाव बनाने लगा।
बताया जा रहा है कि नवंबर 2025 में युवती की शादी होने के बाद आरोपी ने उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर दिए। जब इस घटना की जानकारी युवती के पति कमलेश महतो को हुई तो उसने बदले की भावना से आरोपी की पत्नी की फोटो पर आपत्तिजनक शब्द लिखकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिए।
इसके बाद दोनों आरोपियों की पत्नियां अलग-अलग साइबर थाना पहुंचीं और एक-दूसरे के पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पूरे मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
साइबर डीएसपी ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के खिलाफ इस तरह की घटनाओं को पुलिस गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।