बंगाल में चुनाव तैयारियों पर सख्त हुए मुख्य चुनाव आयुक्त, अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पश्चिम बंगाल में चुनाव तैयारियों की समीक्षा के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। बैठक के दौरान उन्होंने राज्य पुलिस के महानिदेशक (कानून व्यवस्था) विनीत गोयल को भी फटकार लगाई और चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की बात कही।
जानकारी के अनुसार मुख्य चुनाव आयुक्त ने पहले सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अलग से समीक्षा बैठक की। इस दौरान जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान नारकोटिक्स एडवाइजरी बोर्ड को लेकर भी सवाल उठाए गए। मुख्य चुनाव आयुक्त ने पूछा कि अन्य राज्यों की तरह पश्चिम बंगाल में नारकोटिक्स एडवाइजरी बोर्ड क्यों नहीं बनाया गया है। इस मुद्दे पर जवाब देते समय राज्य के डीजी (कानून व्यवस्था) विनीत गोयल आयोग के निशाने पर आ गए। मुख्य चुनाव आयुक्त ने उन्हें बैठने का निर्देश देते हुए कहा कि आयोग के पास सभी रिकॉर्ड मौजूद हैं।
सूत्रों के मुताबिक आयोग ने स्पष्ट संदेश दिया कि हर अधिकारी के काम का डिजिटल रिकॉर्ड मौजूद है। चाहे जिला मजिस्ट्रेट हों या पुलिस आयुक्त, किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा बैठक के दौरान भारतीय रिजर्व बैंक, हवाई अड्डा प्राधिकरण, उत्पाद शुल्क विभाग और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई और कई मामलों में संबंधित एजेंसियों को भी सख्त निर्देश दिए गए।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने राज्य के सुरक्षा बलों और खुफिया एजेंसियों को चुनाव के बाद संभावित हिंसा को लेकर भी सतर्क रहने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही पर कोई रियायत नहीं दी जाएगी।