प्रिंस राज बने आरएलजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, पशुपति पारस ने किया ऐलान

राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (आरएलजेपी) ने समस्तीपुर के पूर्व सांसद प्रिंस राज को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस ने सोमवार को इसकी घोषणा की। नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रिंस राज ने खुशी जताते हुए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
राजधानी पटना में आयोजित पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से प्रिंस राज को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया। इस दौरान पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने की उम्मीद जताई।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रिंस राज ने कहा कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी गई है, वह उसका पूरी निष्ठा के साथ पालन करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि पार्टी पहले से बेहतर प्रदर्शन करे और संगठन को और मजबूत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर भविष्य की रणनीति तय की जाएगी।
उन्होंने युवाओं की राजनीति में भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना है कि युवाओं में सबसे अधिक ऊर्जा होती है और आज के दौर में युवाओं का राजनीति में सक्रिय होना जरूरी है।
प्रिंस राज इससे पहले समस्तीपुर से लोक जनशक्ति पार्टी के टिकट पर सांसद रह चुके हैं। अपने पिता और सांसद रामचंद्र पासवान के निधन के बाद 2019 के उपचुनाव में वह समस्तीपुर से लोकसभा सदस्य चुने गए थे। उनके परिवार में रामविलास पासवान और पशुपति पारस जैसे बड़े नेता रहे हैं, जबकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान उनके चचेरे भाई हैं। उन्होंने वर्ष 2013 में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी और 2015 में कल्याणपुर विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था।