तबादले का झांसा देकर ज्योतिषी ने आयकर अधिकारी को ठगा, 35 लाख की ज्वेलरी लेकर फरार

बेंगलुरु में आयकर विभाग के एक अधिकारी के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां एक ज्योतिषी ने तबादला करवाने के नाम पर उनसे लाखों रुपये की ज्वेलरी ठग ली। आरोपी ज्योतिषी लगभग 35 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आयकर विभाग में कार्यरत अधिकारी की मुलाकात पिछले साल दिसंबर में सड़क पर शेखर नामक एक ज्योतिषी से हुई थी। भारतीनगर के श्री सर्कल इलाके में तोते के जरिए भविष्य बताने वाले इस ज्योतिषी ने अधिकारी से कहा कि वह उनके चेहरे और कुंडली देखकर जीवन से जुड़ी समस्याओं का समाधान बता सकता है। बातचीत के दौरान ज्योतिषी ने अधिकारी को जीवन में सुधार के लिए विशेष पूजा कराने की सलाह दी।
शुरुआत में आरोपी ने पूजा के नाम पर अधिकारी से करीब 50 हजार रुपये लिए। इसके बाद वह लगातार फोन कर अलग-अलग पूजा कराने की बात कहता रहा। इसी दौरान जब अधिकारी ने अपने तबादले की बात उससे की, तो ज्योतिषी ने दावा किया कि विशेष पूजा के जरिए तबादला संभव कराया जा सकता है।
ज्योतिषी ने अधिकारी से कहा कि पूजा के लिए सोने-चांदी के आभूषण घर से लाकर देने होंगे। उसकी बातों पर भरोसा करते हुए अधिकारी ने करीब 35 लाख रुपये की कीमत के 194 ग्राम सोने के आभूषण और लगभग 1 किलो 300 ग्राम चांदी उसे दे दी।
आरोपी ने कहा था कि पूजा पूरी होने के बाद वह एक दिन में सभी आभूषण लौटा देगा। हालांकि इसके बाद वह कई दिनों तक अधिकारी को यह कहकर टालता रहा कि पूजा अभी पूरी नहीं हुई है। बाद में जब अधिकारी भारतीनगर के श्री सर्कल पहुंचे तो वहां न तो ज्योतिषी मिला और न ही उसका तोता।
धोखाधड़ी का एहसास होने पर अधिकारी ने भारतीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ज्योतिषी शेखर की तलाश शुरू कर दी है और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।










