मिड-डे मील खाने से 43 छात्र बीमार, खाने में छिपकली गिरने की आशंका

तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 43 छात्र-छात्राएं बीमार हो गए। घटना के बाद सभी बच्चों को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार स्कूल में दोपहर का भोजन करने के कुछ ही समय बाद बच्चों को उल्टी और तबीयत बिगड़ने की शिकायत होने लगी। स्थिति बिगड़ने पर स्कूल प्रशासन ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। बीमार बच्चों में 30 लड़के और 13 लड़कियां शामिल हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूल के भोजन में छिपकली गिर गई थी, जिसके कारण खाना दूषित हो गया। उसी भोजन को खाने के बाद बच्चों की तबीयत खराब हुई।

अस्पताल में पांच डॉक्टरों की टीम बच्चों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रही है और सभी को मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्थिर है।

घटना के बाद स्कूल के किचन और भोजन व्यवस्था की जांच के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मामले की विस्तृत जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है। प्रशासन ने सभी स्कूलों को सुरक्षित भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जल्द दिशा-निर्देश जारी करने की भी बात कही है।

close