चार दोस्तों के साथ नहाने गया युवक हसदेव नदी में बहा, दो दिन से तलाश जारी; जलकुंभी में फंसे होने की आशंका

कोरबा: दर्री थाना क्षेत्र के कलमीदुग्गू के पास हसदेव नदी में रविवार दोपहर एक युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गया. 22 वर्षीय नौशाद खान अपने तीन दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था. नदी में छलांग लगाने के बाद वह तेज धारा की चपेट में आ गया और देखते ही देखते बह गया.

नौशाद को बहते हुए देख उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वे भी मुश्किल से खुद को संभाल पाए. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कर दी. नौशाद खान दर्री इलाके के जय भगवान गली का रहने वाला बताया जा रहा है.

घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी नौशाद का कोई सुराग नहीं मिला है. उसका शव भी अभी तक बरामद नहीं हो सका है. दर्री थाना पुलिस और जिला प्रशासन की नगरसेना की गोताखोर टीम लगातार नदी में उसकी तलाश कर रही है. आशंका जताई जा रही है कि बहने के बाद वह जलकुंभी में कहीं फंस गया होगा.

इस घटना से नौशाद के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और सीएसईबी पावर प्लांट में ठेका कर्मी के रूप में वेल्डिंग का काम करता था. करीब छह महीने पहले ही उसकी मां का बीमारी से निधन हुआ था. बेटे के लापता होने की खबर से उसके पिता की मानसिक स्थिति भी बिगड़ गई है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस ने नौशाद के दोस्तों से भी पूछताछ की है. दर्री थाना पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर लगातार खोजबीन जारी है. युवक के मिलने के बाद ही आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की टीम नदी में उसकी तलाश में जुटी हुई है.

close