इटावा: ओवरलोड डंपरों से भोगनीपुर गंग नहर पुल पर भीषण जाम, 3 एंबुलेंस दो घंटे तक फंसीं

इटावा: जसवंतनगर कचौरा घाट मार्ग स्थित भोगनीपुर गंग नहर पुल पर मंगलवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ओवरलोड गिट्टी से भरे दो डंपर आमने-सामने आ जाने से भीषण जाम लग गया. पुल संकरा होने के कारण दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई और देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ लंबी कतारें लग गईं.

इस दौरान इमरजेंसी सेवा की तीन एंबुलेंस भी करीब दो घंटे तक जाम में फंसी रहीं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. बताया गया है कि यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग को आगरा जिले के साथ-साथ राजस्थान और मध्यप्रदेश से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. इसी रास्ते से भारी वाहनों का आवागमन लगातार बना रहता है.

मंगलवार शाम गिट्टी से भरे दो ओवरलोड डंपर पुल पर आमने-सामने आ गए। पुल संकरा होने की वजह से दोनों वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया और कुछ ही देर में लंबा जाम लग गया. जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि सड़क के दोनों ओर ट्रक, डंपर, कार और अन्य छोटे-बड़े वाहन फंस गए. इसी दौरान इमरजेंसी सेवा देने वाली तीन एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं.

एंबुलेंस में मौजूद मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी और लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला. जाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और डंपरों को हटवाने की कार्रवाई शुरू कराई. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया और सबसे पहले एंबुलेंसों को प्राथमिकता के आधार पर निकलवाया.

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close