बहराइच में अवैध नर्सिंग होम हुआ सीज, नगर मजिस्ट्रेट ने स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ की कार्रवाई

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक निजी नर्सिंग होम को अवैध संचालन के आरोप में सीज कर दिया गया है. जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ यह कार्रवाई की. यह नर्सिंग होम पिछले तीन साल से बिना वैध दस्तावेजों के आवासीय भूखंड पर संचालित हो रहा था.
यह नर्सिंग होम देहात कोतवाली क्षेत्र के जेल रोड पर स्थित था. इसका संचालन आर पी चौधरी नामक व्यक्ति कर रहे थे. स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी से शिकायत की थी कि यह नर्सिंग होम बिना वैध दस्तावेजों के चलाया जा रहा है जिसकी शिकायत लगातार की जा रही थी.
शिकायत मिलने के बाद बुधवार को नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी अनुराग वर्मा और पुलिस बल मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान, नर्सिंग होम संचालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए. इसके बाद, नर्सिंग होम को सीज कर दिया गया.
नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि मौके पर संचालित पैथोलॉजी, मेडिकल स्टोर और नर्सिंग होम तीनों बिना लाइसेंस के चल रहे थे. इसके अतिरिक्त, आवासीय भूखंड का उपयोग व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा था. जांच के दौरान, चिकित्सक अपनी डिग्री भी नहीं दिखा पाए , जिसके बाद नर्सिंग होम को सीज कर दिया गया.









