बरेली में रफ्तार का कहर, दो अलग-अलग सड़क हादसों में महिला और युवक की दर्दनाक मौत

बरेली : जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला और एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
ट्रक से टकराई बाइक, महिला की मौत
पहली घटना पीलीभीत हाईवे पर कमहुआ गांव के पास हुई। पीलीभीत जिले के थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के मोहल्ला मदीना शाह निवासी उपहार अपनी पत्नी कामना (35) के साथ बाइक से एक शादी समारोह से लौट रहे थे.बताया जाता है कि हाईवे पर एक ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई.हादसा इतना भीषण था कि कामना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उपहार गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.परिजनों के अनुसार दोनों की शादी वर्ष 2024 में हुई थी.
ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की गई जान
दूसरी घटना थाना सिरौली क्षेत्र में हुई.गांव बर शेर निवासी 22 वर्षीय दुष्यंत सागर, जो रामनगर में मजदूरी करता था, बुधवार शाम अपने साथी राजू के साथ बाइक से घर लौट रहा था.संग्रामपुर के पास मटर से भरे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दुष्यंत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजू गंभीर रूप से घायल हो गया.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया.पुलिस उसकी तलाश कर रही है.दुष्यंत की मौत से उसकी मां नीलावती और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस का कहना है कि दोनों हादसों में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना मुख्य वजह प्रतीत हो रहा है.










