नोएडा में गैस की किल्लत या अफवाह? जिला पूर्ति अधिकारी ने बताई सच्चाई

गौतम बुद्ध नगर जिले में इन दोनों एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग को लेकर उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई लोगों की शिकायत है कि गैस बुकिंग के लिए दिए गए मोबाइल नंबरों पर कॉल करने पर नंबर व्यस्त आता है. कॉल कनेक्ट नहीं होती या अन्य तकनीकी समस्याएं सामने आ रही है. इन दिक्कतों के चलते उपभोक्ताओं में यह भ्रम भी पैदा हो रहा है कि कहीं गैस सिलेंडर की आपूर्ति में कमी तो नहीं हो गई है? जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने इस संबंध में स्पष्ट किया है कि गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है.
उन्होंने बताया कि सरवर पर अधिक दबाव होने के कारण कभी-कभी बुकिंग नंबर व्यस्त या कनेक्ट नहीं हो पाता, जिससे उपभोक्ताओं को असुविधा होती है. और वो गैस बुक नहीं कर पाते. उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वो घबराएं नहीं और गैस बुकिंग के लिए गैस कंपनी द्वारा उपलब्ध कराई गई वैकल्पिक डिजिटल माध्यम का उपयोग करें.











