इस गाने की शूटिंग में सच में रो पड़े थे सलमान, फराह खान बोलीं- पहली बार उसे दर्द को महसूस करते देखा…

साल 2006 में फराह खान के पति शिरीष कुंदर ‘जान-ए-मन’ के नाम से एक फिल्म लेकर आए थे, जिसमें सलमान खान, प्रीति जिंटा और अक्षय कुमार अहम रोल में नजर आए थे. ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भले ही फ्लॉप हो गई थी, लेकिन इसके गानों को लोगों ने काफी पसंद किया था. इस फिल्म का एक गाना है, जिसका टाइटल है ‘सौ दर्द’. इस गाने में न्यू यॉर्क ब्रुकलिन ब्रिज के सीन दिखाए गए हैं. इस गाने में सलमान का इमोशनल सीन था. वो रोते नजर आए थे. हालांकि, अब फराह खान ने बताया है कि उस सीन के लिए ग्लिसरीन का इस्तेमाल नहीं हुआ था. सलमान सच में रो पड़े थे.
फराह खान ने रणवीर इलाहाबदिया के पॉडकास्ट में कहा, “जान-ए-मन में मेरा काम अच्छा था. इसके गाने अंडररेटेड हैं. वो जो ब्रुकलिन ब्रिज पर रोया है न सलमान, वो सच में रोया है. वो पहली बार था जब मैंने सलमान को अपने दर्द को गहराई से महसूस करते देखा. वो जो खड़ा होकर रोया है, हम शॉट कट नहीं करना चाहते थे. हम बस कैमरा लेकर उसके गोल-गोल घूम रहे थे. ग्लिसरीन का इस्तेमाल नहीं हुआ था. वो सच में वहां रो पड़ा था.”
‘जान-ए-मन’ फिल्म का बजट और कलेक्शन
फराह ने ये भी कहा कि जब रिलीज के बाद फिल्म सफल नहीं हो पाई तो वो भी रो पड़ी थीं. बॉक्स ऑफिस इंडिया के अनुसार ‘जान-ए-मन’ फिल्म का बजट 35 करोड़ रुपये था. हालांकि, इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 25.12 करोड़ रुपये की कमाई की थी और फ्लॉप रही थी. अनुमप खेर, सोनी रजदान, अमन वर्मा जैसे स्टार्स भी इस फिल्म का हिस्सा थे.
अच्छे दोस्त हैं फराह और सलमान
बहरहाल, फराह खान और सलमान खान एक दूसरे के काफी अच्छे दोस्त हैं. फराह ने बताया कि वो सलमान को बचपन से जानती हैं. उन्होंने ये भी कहा कि जब सलमान अपनी डेब्यू फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के स्क्रीन टेस्ट के लिए गए थे तो उन्हें साथ में लेकर गए थे डांस सीखाने के लिए. फराह ने कहा कि एक घंटे बाद वो सलमान को वहां छोड़कर भाग गई थीं. आज भी दोनों के बीच अच्छी दोस्ती है. फराह ने कहा कि सलमान उनके पिछले बर्थडे पर भी आए थे.










