अमेरिका और इजराइल के खिलाफ एकजुट हों मुस्लिम देश…ईरानी सेना की अपील

ईरान की सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अबोलफजल शेखरची ने मुस्लिम देशों के नेताओं से अमेरिका और इजराइल के खिलाफ एकजुट होने की अपील की है. ईरान के सरकारी चैनल मुताबिक, उन्होंने कहा कि इस्लामी देशों को ईरान और वहां के लोगों पर भरोसा करना चाहिए और पूरी मुस्लिम दुनिया की एकता के लिए साथ आना चाहिए. शेकारची ने कहा कि अमेरिका और जायोनी ताकतों के प्रभाव के खिलाफ इस्लामी देशों को मिलकर खड़ा होना होगा. उनका कहना है कि मुस्लिम देशों की एकजुटता ही इस्लामी दुनिया को मजबूत बना सकती है.

शेखरची का यह बयान ऐसे समय आया है जब मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ रहा है और युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है. इससे पहले ईरान के खतम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता इब्राहिम जोल्फागरी ने भी टीवी पर संबोधन दिया था. उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजराइल को हर उस खून की कीमत चुकानी पड़ेगी. उन्होंने चेतावनी दी कि युद्ध में हुए नुकसान का बदला लिया जाएगा.

112 ड्रोन मार गिराए: ईरान

जोल्फाघरी ने बताया कि ईरान की एयर डिफेंस सिस्टम ने हाल ही में तीन दुश्मन विमानों को मार गिराया. इनमें दो MQ-9 ड्रोन फीरोजाबाद और बंदरअब्बास के पास गिराए गए, जबकि एक अन्य विमान को तबरीज के आसमान में नष्ट किया गया. उनके मुताबिक अब तक कुल 112 ड्रोन मार गिराए जा चुके हैं. इनमें लड़ाकू, निगरानी और आत्मघाती ड्रोन शामिल हैं.

जोल्फाघरी के अनुसार ईरान ने खैबर-शेकन नाम की सॉलिड फ्यूल प्रिसिजन मिसाइलों और कई हमलावर ड्रोन का इस्तेमाल किया. इनका लक्ष्य इजराइल के उत्तरी सैन्य कमांड ढांचे और अमेरिकी सेना के ठिकानों को निशाना बनाना था. उनके मुताबिक, 10 जगहों और क्षेत्र में अमेरिकी सैनिकों के 3 ठिकानों पर सटीक हमले किए गए. इनमें तेल अवीव के सात ठिकाने, रिशोन लेजियन के दो स्थान और शोहम का एक स्थान शामिल है.

IRGC ने अपनी ताकत दिखाई

इसी बीच इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स ने अपनी हवाई ताकत भी दिखाई है. ईरानी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, एक अंडरग्राउंड ट्रेन में बड़ी संख्या में ड्रोन दिखाए गए. इस सुरंग में ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई की तस्वीर भी लगी थी. जोल्फाघरी ने कहा कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक दुश्मनों को पूरी तरह जवाब नहीं मिल जाता. उनका कहना है कि ईरान अपने लोगों के खून का बदला जरूर लेगा और आखिरकार जीत भगवान की मदद से ही मिलेगी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close