फर्जी ताइक्वांडो प्रमाण पत्र से शिक्षक बनने की साजिश का पर्दाफाश, 20 आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान में तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती 2022 में उत्कृष्ट खिलाड़ी कोटे से नौकरी पाने के लिए फर्जी ताइक्वांडो प्रमाण पत्र का इस्तेमाल करने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। इस मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 अभ्यर्थियों सहित कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जांच एजेंसी ने राजस्थान के 14 जिलों और हरियाणा में एक साथ कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार लोगों में वे अभ्यर्थी भी शामिल हैं, जिन्होंने फर्जी ताइक्वांडो खेल प्रमाण पत्र के आधार पर शिक्षक भर्ती में चयन पाने की कोशिश की थी।

जांच के दौरान एक आरोपी के मोबाइल फोन से ताइक्वांडो फेडरेशन के नाम से भेजे गए एक ईमेल का स्क्रीनशॉट मिला। इस ईमेल में 39 अभ्यर्थियों के खेल प्रमाण पत्रों के सत्यापन की रिपोर्ट शिक्षा विभाग को भेजने की बात लिखी थी। अधिकारियों ने जब इस ईमेल की जांच की तो उसमें सेक्रेटरी शब्द की स्पेलिंग गलत पाई गई, जिससे अधिकारियों को शक हुआ कि ईमेल फर्जी है।

इसके बाद जांच आगे बढ़ाई गई और ईमेल आईडी की जानकारी जुटाई गई। जांच में सामने आया कि यह ईमेल आईडी दुबई से बनाई गई थी और इसका इस्तेमाल विमलेंदु कुमार झा नामक व्यक्ति कर रहा था। ताइक्वांडो फेडरेशन के रिकॉर्ड में इस नाम का कोई अधिकारी या सदस्य नहीं मिला। आरोपी ने फेडरेशन की असली ईमेल आईडी से मिलती-जुलती एक फर्जी ईमेल आईडी बनाकर सत्यापन रिपोर्ट भेजी थी।

इस फर्जी ईमेल के जरिए शिक्षा विभाग को सकारात्मक रिपोर्ट भेजकर उम्मीदवारों के प्रमाण पत्र सही साबित करने की कोशिश की गई। जांच में यह भी सामने आया कि जब शिक्षा विभाग ने प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए फेडरेशन को ईमेल भेजा, तो उसकी जानकारी आरोपियों तक पहुंच गई और उन्होंने उसी की नकल कर फर्जी ईमेल आईडी से जवाब भेज दिया।

पूछताछ में पता चला है कि गिरोह अभ्यर्थियों से लगभग छह लाख रुपये लेकर फर्जी ताइक्वांडो प्रमाण पत्र तैयार करता था। इन प्रमाण पत्रों के आधार पर अभ्यर्थियों ने शिक्षक भर्ती में आवेदन किया था।

एसओजी ने इस मामले में मुख्य आरोपी विमलेंदु कुमार झा और उसके सहयोगी रवि शर्मा को भी गिरफ्तार किया है। साथ ही फर्जी ईमेल आईडी बनाने में इस्तेमाल की गई मोबाइल सिम भी बरामद कर ली गई है। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।

close