औरंगाबाद में दर्दनाक हादसा, जयमाल के दौरान छज्जा गिरा,दो की मौत, 25 घायल

औरंगाबाद : दाउदनगर थाना क्षेत्र के मँझियावांं गांव में जयमाल के दौरान पोर्टिको गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे में 25 लोगों के घायल होने की सूचना है.जिनका इलाज दाउदनगर एवं औरंगाबाद में चल रहा है.घायलों में कुछ लोगों को हायर सेंटर भी रेफर किया गया है.मृतकों की पहचान गांव के ही अखिलेश्वर यादव एवं सत्यनारायण सिंह के रूप में की गई है.

बताया जाता है कि अखिलेश्वर यादव धनबाद के चिरकुंडा थाना क्षेत्र के कल्याण चक कोयलियरी में सिब्बल ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है.जबकि सत्यनारायण यादव किसान है.प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के रामव्यास सिंह की बच्ची की बारात आई हुई थी.जयमाला के दौरान अधिकतर महिलाएं बगल के पोर्टिको पर चढ़कर जयमाला कार्यक्रम को देख रही थी.इसी दौरान पोर्टिको भरभराकर गिर गया.
जिसके कारण नीचे बैठे अखिलेश्वर यादव एवं सत्यनारायण सिंह की दबकर मौत हो गई. हादसे के बाद गांव में अफरा तफरी की स्थिति मच गई और शादी के मंगल गीत की ध्वनि चीख पुकार में तब्दील हो गई. शादी समारोह में शामिल लोगों ने रेस्क्यू शुरू किया और घटना की सूचना दाउदनगर पुलिस को दी.हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए दाउदनगर अस्पताल ले जाया गया.
जहां चिकित्सकों ने अखिलेश्वर यादव और सत्यनारायण सिंह को मृत घोषित कर दिया.बताया जाता है कि दोनों मृतक रिश्ते में कन्या के भाई थे.ग्रामीणों ने बताया कि अखिलेश्वर यादव के तीन बच्चे है जिनमें से दो बेटी और एक बेटा है.जिसमें एक बच्ची की शादी हो चुकी है.जबकि सत्यनारायण सिंह के दो बच्ची और एक बेटा है और उन्होंने तीनों की शादी कर दी है.
गांव में हुए इस हादसे से पूरा गांव मर्माहत है और परिजनों का रो रोकर हाल बेहाल है.हादसे के बाद दोनों मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया.जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.हादसे के वक्त मौजूद ओबरा के पूर्व विधायक बीरेंद्र सिंह के पुत्र सामाजिक कार्यकर्ता कुणाल प्रताप, तेजपुरा पंचायत के सरपंच तथा सामाजिक कार्यकर्ता अभिमन्यु यादव ने दुख प्रकट किया है.











