अवैध पार्किंग और ठेले से शहर में जाम, नो वेंडिंग-नो पार्किंग योजना अब तक लागू नहीं

राजधानी में प्रमुख तिराहों और चौराहों के आसपास अवैध पार्किंग और ठेलों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। प्रमुख चौराहों से सभी दिशाओं में 50-50 मीटर तक सड़क को नो वेंडिंग और नो पार्किंग जोन बनाने का निर्णय लिया गया था, लेकिन यह फैसला अब तक जमीन पर पूरी तरह लागू नहीं हो सका है। इसके चलते कई स्थानों पर रोजाना जाम की स्थिति बन रही है।

ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए फरवरी में हुई बैठक में दो महीने की विशेष कार्ययोजना तैयार की गई थी। इसके तहत प्रमुख चौराहों और तिराहों के आसपास ठेला-गुमटी, अवैध वेंडिंग और सड़क किनारे पार्किंग पर सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया था। योजना के अनुसार इन स्थानों को नो वेंडिंग और नो पार्किंग जोन घोषित किया जाना था, ताकि यातायात सुचारू हो सके।

इसके बावजूद शहर के कई प्रमुख चौराहों पर स्थिति पहले जैसी ही बनी हुई है। दुकानों पर आने वाले ग्राहकों की गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी रहती हैं और ऑटो चालक सवारी भरने के लिए सड़क के बीच तक वाहन खड़े कर देते हैं। इससे सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है और बाकी जगह से ही वाहनों को निकलना पड़ता है।

पचपेड़ी नाका क्षेत्र में बसों और ऑटो के सड़क पर खड़े होने से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। धमतरी की ओर से आने वाली बसें साहू समाज भवन के सामने रुकती हैं, जहां ऑटो और ई-रिक्शा चालकों ने अस्थायी स्टैंड बना लिया है। बसों के 10 से 15 मिनट तक रुकने के दौरान ऑटो भी सड़क घेर लेते हैं। इसके अलावा आसपास फल और सब्जी की दुकानों के सामने ग्राहकों की गाड़ियां खड़ी होने से सड़क और संकरी हो जाती है।

फाफाडीह चौक में भी सड़क किनारे लगी दुकानों और खड़े ऑटो के कारण यातायात प्रभावित होता है। भनपुरी की ओर मुड़ते ही सड़क किनारे कई दुकानें हैं, जहां दुकानदारों ने गन्ने के बंडल तक सड़क पर रख दिए हैं। ग्राहकों की गाड़ियां भी यहीं पार्क हो जाती हैं और बड़ी संख्या में ऑटो सवारी के इंतजार में खड़े रहते हैं, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है।

रायपुरा चौक में फल के ठेले और ऑटो-रिक्शा की लाइन के कारण रोजाना जाम लगता है। महादेव घाट की दिशा में सड़क किनारे ठेले लगे रहते हैं और लाखे नगर की ओर जाने वाले मार्ग पर भी अस्थायी दुकानें सड़क घेर लेती हैं। अंडरब्रिज के पास कई वाहन चालक रॉन्ग साइड से भी प्रवेश कर जाते हैं, जिससे स्थिति और खराब हो जाती है और कई बार विवाद की स्थिति बन जाती है।

जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि शहर में यातायात सुधार के लिए बनाई गई कार्ययोजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ चौराहों पर कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है, ताकि यातायात व्यवस्था में सुधार लाया जा सके। नगर निगम और पुलिस द्वारा अवैध ठेले हटाने और गुमटियों को हटाने की कार्रवाई भी अलग-अलग जोन में जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी अभियान चलाकर सड़क किनारे अवैध कब्जों और पार्किंग पर कार्रवाई की जाएगी।

close