धमतरी: सूखे कुएं में गिरा चीतल, ग्रामीणों और वन विभाग ने 25 फीट गहराई से सुरक्षित निकाला

धमतरी: धमतरी जिले के सिंगपुर रेज के ग्राम अंजोरा में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चीतल अचानक 25 फीट गहरे सूखे कुएं में गिर गया.

ग्रामीणों को कुएं की तरफ से जानवर के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी. जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक चीतल कुएं के अंदर फंसा हुआ है और बाहर निकलने के लिए लगातार कोशिश कर रहा है.

ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. कुआं काफी गहरा होने और अंदर पानी नहीं होने के कारण चीतल डरा हुआ था. वन अमले ने ग्रामीणों की मदद से पहले कुएं के अंदर की स्थिति का जायजा लिया और फिर रस्सी व जाल की व्यवस्था की.

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग और ग्रामीणों ने मिलकर सावधानीपूर्वक चीतल को जाल में फंसाया और धीरे-धीरे ऊपर खींच लिया. बाहर निकलते ही चीतल कुछ देर तक घबराया रहा, लेकिन थोड़ी ही देर में वह सामान्य हो गया.

वन विभाग के अधिकारियों ने चीतल की प्राथमिक जांच की, जिसमें वह पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ पाया गया. इसके बाद उसे पास के जंगल में छोड़ दिया गया ताकि वह अपने प्राकृतिक आवास में वापस जा सके.

ग्रामीणों और वन विभाग की तत्परता से एक वन्यजीव की जान बच गई. इस सफल रेस्क्यू के बाद गांव के लोगों ने राहत की सांस ली और वन अमले के प्रयासों की सराहना की.

close