साहू समाज की आराध्य देवी भक्त माता कर्मा की जयंती पर धमतरी में उमड़ा जनसैलाब: बाइक रैली और शोभायात्रा से गूँजा आकाश

धमतरी:भक्ति, शक्ति और सामाजिक एकजुटता का अनुपम उदाहरण पेश करते हुए आज 15 मार्च 2026 को जिला साहू संघ धमतरी द्वारा आराध्य देवी भक्त शिरोमणि मां कर्मा की जयंती अभूतपूर्व उत्साह के साथ मनाई गई. पापमोचिनी एकादशी के पुण्यदायी अवसर पर आयोजित इस महोत्सव ने पूरे धमतरी जनपद को केसरिया रंग और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया.
खिचड़ी का भोग: प्रेम और समर्पण की अनूठी परंपरा
माता कर्मा का व्यक्तित्व भगवान श्रीकृष्ण के प्रति उस सहज और निर्मल प्रेम का प्रतीक है, जिसने स्वयं ईश्वर को भी भक्त के वश में कर दिया था. लोकमान्यता के उस पावन प्रसंग को जीवंत करते हुए, जिसमें माता ने अपनी मटुकिया से प्रभु को खिचड़ी का भोग लगाया था और साक्षात जगन्नाथ स्वामी ने उसे ग्रहण किया था, आज धमतरी के घर-घर और मंदिरों में ‘खिचड़ी प्रसाद’ तैयार किया गया. यह केवल भोजन नहीं, अपितु उस वात्सल्य और निष्काम भक्ति का वह दिव्य प्रसाद था, जिसे पाकर श्रद्धालु स्वयं को धन्य महसूस कर रहे थे. इसी अटूट श्रद्धा के साथ गोकुलपुर मंदिर में हजारों भक्तों को खिचड़ी का वितरण कर इस परंपरा को गौरवशाली विस्तार दिया गया.

शौर्य का प्रदर्शन: विशाल बाइक रैली और शोभायात्रा
महोत्सव का भव्य आगाज़ माँ विंध्यवासिनी मंदिर से एक विशाल बाइक एवं कार रैली के साथ हुआ. माथे पर सिंदूरी तिलक, गेरुआ पगड़ी और हाथों में धर्मध्वजा लिए सैकड़ों युवा ‘जय माँ कर्मा’ के उद्घोष के साथ सड़कों पर उतरे. नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने भी स्वयं बाइक चलाकर समाजजनों का उत्साहवर्धन किया. यह रैली रामबाग, सदर बाजार, चमेली चौक, गोल बाजार, घड़ी चौक, अर्जुनी चौक, रत्नाबांधा चौक और अंबेडकर चौक होते हुए गुजरी. पूरे मार्ग में आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के बीच श्रद्धालुओं ने मिठाइयां बांटकर खुशियां मनाईं.
दिग्गजों की उपस्थिति और सामाजिक एकजुटता
जिला साहू संघ के अध्यक्ष गणेशराम साहू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज की सामूहिक शक्ति का दिग्दर्शन हुआ. समारोह में पूर्व विधायक लेखराम साहू, पूर्व विधायक रंजना दीपेंद्र साहू, प्रदेश संघ के पूर्व महामंत्री रामदयाल साहू, और विपिन साहू सहित अनेक वरिष्ठ जनों ने शिरकत की. वक्ताओं ने माता कर्मा के जीवन को सादगी और निष्काम सेवा की सर्वश्रेष्ठ पाठशाला बताया.

कार्यक्रम में चितरंजन साहू, लक्ष्मीनारायण साहू, जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, वीरेंद्र साहू, मनीषा साहू, श्यामा साहू, राजेंद्र साहू, निर्मला साहू, सुभाष साहू, महासचिव विजय कुमार साहू, हरिशंकर साहू और तहसील अध्यक्षों सहित समाज के समस्त प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे. गोकुलपुर स्थित मां कर्मा मंदिर में सामूहिक महाआरती के साथ इस ऐतिहासिक जयंती महोत्सव का समापन हुआ, जिसने न केवल धार्मिक ऊर्जा का संचार किया, बल्कि सामाजिक समरसता को भी नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया.











