सीधी: 80 वर्षीय वृद्ध ने पेड़ पर फांसी लगाकर की आत्महत्या, गांव में शोक का माहौल

सीधी: सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत डिहुली टीकर में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 80 वर्षीय वृद्ध का शव गांव के पास एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला.

बता दें मृतक की पहचान रामाधार गुप्ता के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और हैरानी का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह ग्रामीणों की नजर रामाधार गुप्ता के शव पर पड़ी, जो उनके घर से लगभग 30 मीटर दूर एक बबूल के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ था. यह दृश्य देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस तथा परिजनों को दी गई.

मृतक के पड़ोसी बृजभान गुप्ता ने बताया कि रामाधार गुप्ता शनिवार रात करीब 1 बजे घर से निकले थे। देर रात तक जब वे वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने सोचा कि वे टहलने गए होंगे. लेकिन सुबह करीब 6 बजे एक राहगीर ने पेड़ पर शव लटका देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों को दी. इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान रामाधार गुप्ता के रूप में की.

घटना की सूचना मिलते ही अमिलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया. पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिहावल अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

फिलहाल अमिलिया पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

close