उत्तर प्रदेश: रायबरेली में पेड़ से लटका मिला युवक का शव! जांच में जुटी पुलिस

रायबरेली: यूपी के रायबरेली जनपद में बछरावां थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में रविवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव शीशम के पेड़ से लटका हुआ मिला.
बताया जा रहा है कि युवक का शव पेड़ की डाल से मफलर के सहारे लटक रहा था. गांव के लोगों ने जब यह देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव उतरवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान युवक की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद किया. इसके अलावा मौके पर चूहा मार दवा की एक पुड़िया, पानी की बोतल और एक जोड़ी चप्पल भी मिली है.
इन परिस्थितियों को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है. आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि युवक की पहचान हो सके. पुलिस सुसाइड नोट की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया.
थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी.
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और युवक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं.











