बिहार: औरंगाबाद में सेवानिवृत विद्युतकर्मी के घर से 50 लाख के जेवरात उड़ा ले गए चोर, मचा हड़कंप

औरंगाबाद: शहर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने बिजली विभाग के एक सेवानिवृत कर्मी के घर में घुसकर करीब 50 लाख रुपये से अधिक के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाईपास स्थित गायत्री नगर मोहल्ला की है. पीड़ित गृहस्वामी राजेश्वर सिंह भाजपा नेता उज्जवल सिंह के रिश्तेदार भी हैं. घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में आक्रोश का माहौल है.

गृह स्वामी ने बताया कि रविवार की रात घर के सभी सदस्य भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरे में सोने चले गए थे। रात के दौरान ही चोरों ने घर को निशाना बनाया और बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. सोमवार की सुबह जब गृहस्वामी की नींद खुली तो वे रोज की तरह पूजा करने के लिए पूजा कक्ष में पहुंचे. वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. कमरे में सामान बिखरा हुआ था और घर में रखे कीमती आभूषण व अन्य सामान गायब थे.

चोर घर के पीछे की ओर से अंदर घुसे थे. घर के पिछले हिस्से से सटा हुआ एक खाली प्लॉट है, जहां घनी झाड़ियां उगी हुई हैं. आशंका जताई जा रही है कि चोर उसी झाड़ी का फायदा उठाकर पहले खाली प्लॉट में पहुंचे और फिर बाउंड्री पार कर घर के परिसर में प्रवेश कर गए। इसके बाद उन्होंने खिड़की का ग्रिल उखाड़कर कमरे के अंदर घुसपैठ की. घर के अंदर प्रवेश करने के बाद चोरों ने अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए.

गृहस्वामी राजेश्वर सिंह ने बताया कि घर में उनकी दो बहुओं और बेटी के काफी आभूषण रखे हुए थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए. चोरी की घटना इतनी शातिर तरीके से अंजाम दी गई कि घर में सो रहे लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी. सुबह जब घटना का पता चला तो इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी गई.

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. वहीं गृहस्वामी ने पुलिस और डायल 112 को भी सूचना दी. सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके.

थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि चोरी की घटना को गंभीरता से लिया गया है. चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. साथ ही डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है, ताकि चोरों के बारे में कोई सुराग मिल सके. पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है.

घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. लोगों का कहना है कि शहर में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. भाजपा नेता उज्जवल सिंह ने भी इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि पिछले एक महीने के भीतर गायत्री नगर और आसपास के इलाकों में चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है.

स्थिति यह है कि पुलिस एक मामले का खुलासा कर भी नहीं पाती है कि चोर दूसरी घटना को अंजाम दे चुके होते हैं. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले का जल्द उद्भेदन किया जाए और शहर में रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close