घरेलू गैस सिलिंडरों की जमाखोरी का भंडाफोड़, कटनी में 22 सिलिंडर जब्त

कटनी में घरेलू गैस सिलिंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी का मामला सामने आया है। प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई कर एक मकान से अलग-अलग कंपनियों के 22 गैस सिलिंडर जब्त किए हैं। आरोप है कि युवक सिलिंडरों का स्टॉक कर उन्हें महंगे दामों पर बेच रहा था और लोगों की मजबूरी का फायदा उठा रहा था।
प्रशासन को सूचना मिली थी कि माधवनगर गेट क्षेत्र में एक मकान में अवैध रूप से गैस सिलिंडर जमा कर कालाबाजारी की जा रही है। सूचना के आधार पर खाद्य विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान परिसर में संचालित दो दुकानों की तलाशी ली गई। यहां 22 घरेलू गैस सिलिंडर अनाधिकृत रूप से भंडारित पाए गए। इनमें एचपीसीएल के पांच भरे और एक खाली सिलिंडर, आईओसीएल के छह खाली सिलिंडर और बीपीसीएल के 10 खाली सिलिंडर शामिल हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी घर से ही इलेक्ट्रॉनिक तौल-कांटे के माध्यम से सिलिंडरों में गैस तौलकर लोगों को उपलब्ध कराता था और इसके बदले ज्यादा कीमत वसूलता था। सहायक आपूर्ति अधिकारी ने मौके से 22 गैस सिलिंडर और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल-कांटा जब्त कर लिया।
जब्त सामग्री को क्षेत्र की गैस एजेंसी के संचालक की सुपुर्दगी में रखा गया है। आरोपी के खिलाफ द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस प्रदाय एवं वितरण विनियमन आदेश के प्रावधानों के उल्लंघन का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि शहर के अन्य इलाकों में भी सिलिंडर जमाखोरी की सूचना मिलने पर जांच जारी रहेगी।











