सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फरार आरोपी यूपी से गिरफ्तार, 1.5 करोड़ के ट्रक पहले ही हो चुके हैं जब्त

सूरजपुर: अमानत में खयानत के मामले में फरार चल रहे आरोपी को सूरजपुर पुलिस ने उत्तरप्रदेश में दबिश देकर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. मामले में इससे पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और सरिया बिक्री की रकम से खरीदे गए करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये कीमत के तीन ट्रक भी पुलिस ने जब्त किए हैं.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नयनपुर निवासी अमित पाण्डेय ने 14 जनवरी 2026 को थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी यू.बी. वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट नयनपुर से ट्रक क्रमांक यूपी 61 एटी 2832 के चालक राहुल सिंह यादव के माध्यम से 30 टन 160 किलो सरिया भदौरी (उत्तरप्रदेश) भेजा गया था.

आरोप है कि चालक ने सरिया को गंतव्य तक पहुंचाने के बजाय बेईमानीपूर्वक अमानत में खयानत करते हुए लगभग 15 लाख 23 हजार 908 रुपये कीमत का सरिया गायब कर दिया. प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 23/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 1 फरवरी 2026 को आरोपी मनीष यादव, सूरज सोनी और मनीष सिंह परिहार को गिरफ्तार कर लिया था.

साथ ही सरिया बिक्री से अर्जित रकम से खरीदे गए तीन ट्रकों को भी जब्त किया गया था, जिनकी कुल कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है. इसी प्रकरण में आरोपी सुनील विश्वकर्मा लंबे समय से फरार चल रहा था. प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर फरार आरोपी की तलाश तेज की गई.

तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उत्तरप्रदेश के विंध्याचल, जिला मिर्जापुर में दबिश देकर आरोपी सुनील विश्वकर्मा (28 वर्ष) पिता राधेश्याम विश्वकर्मा, निवासी ग्राम बहुर थाना सिंगरामऊ जिला जौनपुर (उत्तरप्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे 16 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया. इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी एवं सीएसपी बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे, एएसआई देवनाथ चौधरी, आरक्षक जितेंद्र पटेल तथा चन्द्रप्रकाश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close