उत्तर प्रदेश: चिलकहर अग्निकांड में बढ़ी सनसनी, लापता बुजुर्ग का शव मंदिर के पोखरे में मिला, बहू और पोता गंवा चुके हैं जान…

बलिया: यूपी के बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर ग्राम में बीते सोमवार को लगी भीषण आग ने आज एक नया और रहस्यमयी मोड़ ले लिया है. कल हुए हादसे में जहाँ दम घुटने से एक महिला और मासूम बच्चे की जान चली गई थी, वहीं कल से लापता दुकान मालिक झूलन चौरसिया (65 वर्ष) का शव आज संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के ही शिव मंदिर के पोखरे से बरामद हुआ है.
घटना का घटनाक्रम: आग से शुरू हुआ तांडव
​16 मार्च को चिलकहर स्थित एक मकान सह दुकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई. पुलिस और फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. घर के अंदर फंसे एक महिला और 4 वर्षीय बालक की दम घुटने से दर्दनाक मृत्यु हो गई थी.

घटना के वक्त दुकान में मौजूद झूलन चौरसिया लापता हो गए थे. फॉरेंसिक टीम और उच्चाधिकारियों ने मलबे की खाक छानी, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला. वही जान बचाने के लिए छत से कूदे घायल बेटे का इलाज चल रहा है.
आज की बड़ी अपडेट: पोखरे में मिला शव
​आज दिनांक 17 मार्च को मृतक के पुत्र पंकज चौरसिया ने पुलिस को सूचना दी कि उनके पिता का शव गांव के शिव मंदिर पोखरे में तैरता पाया गया है. इस सूचना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. स्थानीय पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
​मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. उच्चाधिकारी मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच कर रहे हैं कि आग लगने और बुजुर्ग की मौत के बीच क्या संबंध है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close