लिफ्ट देने के बहाने महिला से सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर : मझौली क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां दो युवकों ने एक महिला को घर छोड़ने का झांसा देकर कार में बैठाया और फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया.पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता तिलवारा क्षेत्र की निवासी है और घरेलू कामकाज कर अपना जीवन यापन करती है. बीते दिन जब वह भेड़ाघाट स्थित अपनी ननद के घर से लौट रही थी, तभी अंधमुख बायपास के पास उसे सफेद रंग की स्विफ्ट कार में दो युवक मिले.पीड़िता इन युवकों को पहचानती थी क्योंकि वे उसके पड़ोस में आते-जाते रहते थे.आरोपियों की पहचान संजू और दीपक के रूप में हुई है। उन्होंने महिला को घर छोड़ने की बात कहकर कार में बैठा लिया.
सुनसान इलाके में ले जाकर किया कुकृत्य,
आरोपी महिला को खजरी खिरिया बायपास से होते हुए इन्द्राणा मार्ग पर मझौली थाने के अंतर्गत ग्राम नेगई ले गए. वहां एक तालाब के पास ले जाकर दोनों ने बारी-बारी से महिला के साथ दुष्कर्म किया.विरोध करने पर आरोपियों ने हॉकी स्टिक से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.
घटना के बाद पीड़िता ने किसी तरह अपने भाई को सूचित किया और डायल 100/112 की मदद से थाने पहुँची। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए तुरंत घेराबंदी की और संजू व दीपक को हिरासत में ले लिया.पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है.दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है.”