राजस्थान में यहां हुई ANTF की बड़ी कार्रवाई: मेड़ता सिटी में MDMA के साथ 1.21 लाख नकद बरामद, महिला सहित 2 दबोचे

नागौर: जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मेड़ता सिटी थाना क्षेत्र में एमडीएमए और नकदी बरामद कर महिला सहित दो आरोपियों को दबोचा है. यह कार्रवाई एएनटीएफ के लगातार चल रहे अभियान के तहत की गई, जिसमें टीम को पुख्ता सूचना के आधार पर सफलता मिली.
एएनटीएफ को सूचना मिल रही थी कि मेड़ता सिटी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और फुटकर बिक्री की जा रही है. मुखबिर तंत्र से जानकारी जुटाने पर सामने आया कि सरोज नाम की महिला इस अवैध कारोबार में सक्रिय है. इसके बाद टीम ने महिला के घर और उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी और पूरी तैयारी के साथ दबिश दी.

दबिश के दौरान घर का मुख्य गेट खुला मिला और अंदर एक महिला व एक लड़का बैठे हुए थे, जो पुलिस टीम को देखकर घबरा गए. तलाशी लेने पर कमरे से 35.46 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए और नशे की बिक्री से अर्जित 1 लाख 21 हजार रुपये नकद बरामद किए गए.
पुलिस ने मौके से सरोज (38) निवासी उचियारड़ा कला (हाल पुनिया सदन, मेड़ता सिटी) को गिरफ्तार किया, जबकि एक बालक को विधि अनुसार निरुद्ध किया गया है.
कार्रवाई के बाद एएनटीएफ नागौर प्रभारी इमरान खान ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि “अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. ANTF की नजर ऐसे तत्वों पर लगातार बनी हुई है और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी.