औरंगाबाद : बुकिंग किसी के नाम, सिलेंडर किसी और के घर—व्यवस्था पर उठे सवाल

औरंगाबाद : जिले में गैस वितरण प्रणाली की पारदर्शिता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़ा हो गया है.एक उपभोक्ता के साथ घटी घटना ने पूरे तंत्र की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है.

दैनिक भोर वैभव के ब्यूरो प्रतिनिधि एवं उपभोक्ता राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्होंने 14 मार्च 2026 को कंज्यूमर संख्या 615084 के तहत लिंगराज एचपी गैस एजेंसी में घरेलू गैस सिलेंडर के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराई थी.कार्यव्यस्तता के कारण उन्होंने सप्ताहांत में एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त करने की योजना बनाई थी.लेकिन 19 मार्च 2026 को उनके बैंक खाते में ₹78.76 की सब्सिडी राशि आने के बाद वे हैरान रह गए.

उपभोक्ता के अनुसार, उन्होंने न तो सिलेंडर प्राप्त किया और न ही पासबुक में किसी प्रकार की निकासी या एंट्री दर्ज है.ऐसे में यह सवाल उठता है कि आखिर किस आधार पर सब्सिडी जारी कर दी गई?इस घटना से यह आशंका जताई जा रही है कि एजेंसी द्वारा उपभोक्ता के नाम पर किसी अन्य व्यक्ति को गैस सिलेंडर का वितरण कर दिया गया.

कई उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन राशि भी जमा कर दी लेकिन उन्हें गैस नहीं मिला और मैसेज गैस डिलीवर का आ गया.यदि यह सही है, तो यह न केवल उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि गैस वितरण प्रणाली में गंभीर अनियमितता और लापरवाही का संकेत भी है.

गौरतलब है कि इससे पहले भी उपभोक्ताओं द्वारा इस प्रकार की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन ठोस प्रमाण के अभाव में उन पर विश्वास करना कठिन था. अब जब स्वयं एक जिम्मेदार नागरिक और पत्रकार के साथ ऐसी घटना घटी है, तो व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल उठना लाजिमी है.

पीड़ित उपभोक्ता का कहना है कि वे ग्रामीण क्षेत्र से आते हैं और अब उन्हें पुनः गैस बुकिंग के लिए लगभग 45 दिनों तक इंतजार करना पड़ेगा.इससे उनके सामने घरेलू भोजन बनाने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है.उपभोक्ता ने जिला पदाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और उपभोक्ताओं का भरोसा बहाल रह सके.

हालांकि इसकी जानकारी उपभोक्ताओं के द्वारा जिला प्रशासन को भी दी गति है लेकिन इससे संबंधित अभी तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है.इस संबंध में जब ब्लॉक मोड़ स्थित एच पी गैस एजेंसी के मैनेजर संजीव ओझा से उनके मोबाइल पर कई बार कॉल किया गया तो उन्होंने कॉल उठाना मुनासिब नहीं समझा.जिससे इस झोल की जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाई.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close