मैहर में तेज रफ्तार का कहर: पिलर से टकराई बाइक, 21 साल के युवक की दर्दनाक मौत!

मैहर : जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में रविवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में एक होनहार युवक की जान चली गई. तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक के सड़क किनारे लगे पिलर से टकराने के कारण यह दुखद घटना घटी.टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुँचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया.

तेज रफ्तार बनी काल, पिलर से टकराई बाइक
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संदीप साकेत (21 वर्ष), पिता रामाधार साकेत, निवासी नई बस्ती-बदेरा के रूप में हुई है.रविवार रात संदीप अपनी बाइक (क्रमांक MP19 ZB 0602) से कहीं जा रहा था.जैसे ही वह गोरसरी और मड़वार गांव के बीच पहुँचा, उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे एक कंक्रीट के पिलर से जा टकराई.टक्कर के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए और संदीप लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा.

डायल 112 ने पहुँचाया अस्पताल, पर नहीं बची जान
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुँची.प्रधान आरक्षक सूर्यभान सिंह और पायलट रामधनी कुशवाहा ने घायल युवक को त्वरित उपचार के लिए एफआरवी वाहन से अस्पताल पहुँचाया.हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जाँच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया.डॉक्टरों के अनुसार, सिर में आई गंभीर चोट मौत का मुख्य कारण बनी.

परिजनों में मचा कोहराम, जाँच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक के शव को अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है.जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया है.रामनगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है.पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि रात के समय वाहन की गति सीमित रखें और अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com