Bigg Boss फेम अरमान मलिक बने फिर पिता, पहली पत्नी पायल ने दिया चौथे बच्चे को जन्म

यूट्यूबर और ‘बिग बॉस ओटीटी 3’ फेम अरमान मलिक के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है. अरमान की पहली पत्नी पायल मलिक चौथी बार मां बन गई हैं. पायल ने एक नन्ही परी को जन्म दिया है, जिसके बाद मलिक परिवार में जश्न का माहौल है. खुद अरमान मलिक ने सोशल मीडिया पर अस्पताल से एक बेहद प्यारी तस्वीर पोस्ट करते हुए फैंस के साथ यह खुशखबरी शेयर की है.

मंगलवार को अरमान ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें वो अपनी नन्ही बेटी को गोद में लिए नजर आ रहे हैं. फोटो में पायल मलिक अस्पताल के बेड पर लेटी हुई हैं और उनके चेहरे पर चौथी बार मां बनने की खुशी साफ झलक रही है. अरमान ने कैप्शन में लिखा, जच्चा-बच्चा सब ठीक है.” हालांकि अरमान ने पोस्ट में जेंडर का खुलासा नहीं किया था, लेकिन सूत्रों के मुताबिक मलिक परिवार में इस बार बेटी का आगमन हुआ है.

किसी ‘चमत्कार’ से कम नहीं थी ये प्रेग्नेंसी

पायल मलिक के लिए ये सफर बिल्कुल भी आसान नहीं था. पहले से ही तीन बच्चों (चिरायु और जुड़वां बच्चे अयान-तूबा) की मां पायल ने पिछले साल अगस्त में अपने व्लॉग के जरिए प्रेग्नेंसी का एलान किया था. पायल ने खुलासा किया था कि उन्होंने कंसीव करने के लिए कई बार IVF (इन विट्रो फर्टिलाइजेशन) का सहारा लिया, जो कई बार असफल रहा.

लगातार नाकाम प्रक्रियाओं ने उन्हें इमोशनल रूप से तोड़ दिया था, इसलिए उन्होंने इस प्रेग्नेंसी को एक ‘मिरेकल’ यानी चमत्कार बताया. पायल ने अपने संघर्ष को याद करते हुए बताया था कि बड़े बेटे चिरायु के लिए भी उन्हें सालों इंतजार करना पड़ा था.

विवादों से रहा है गहरा नाता

अरमान मलिक अपनी दो शादियों को लेकर हमेशा चर्चा और विवादों में रहते हैं. अरमान ने साल 2011 में पायल से शादी की थी. इसके बाद 2018 में उन्होंने पायल की ही बेस्ट फ्रेंड कृतिका से दूसरी शादी कर ली. खास बात ये है कि अरमान ने पायल को तलाक दिए बिना ही ये कदम उठाया था. अरमान और कृतिका का भी एक बेटा है जिसका नाम जैद है.

जब यह तिकड़ी (अरमान, पायल और कृतिका) ‘बिग बॉस ओटीटी 3’ में पहुंची, तो देश भर में हड़कंप मच गया था. लोगों ने उन पर पॉलीगैमी (एक से ज्यादा शादियां) को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और उन्हें कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा. हालांकि, तमाम विवादों के बावजूद इस परिवार की सोशल मीडिया पर तगड़ी फैन फॉलोइंग है. अब ये देखना दिलचस्प होगा कि अरमान और पायल अपनी लाडली का क्या नाम रखते हैं!

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com