लखीमपुर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने मां-बेटी को रौंदा, मौके पर मौत

लखीमपुर खीरी : पढ़ुआ थाना क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार मां-बेटी की मौत हो गई। ओवरलोड गन्ने से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी थी.टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गईं और ट्रक उन्हें रौंदता हुआ निकल गया.हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया.
पुलिस के अनुसार, बुद्धापुरवा गांव निवासी भोला देवी (45) पत्नी रविप्रकाश अपनी 18 वर्षीय पुत्री शिवानी के साथ स्कूटी से ढखेरवा चौराहा स्थित बैंक गई थीं.बैंक का काम निपटाने के बाद दोनों घर लौट रही थीं। धौरहरा रोड पर तकिया ताल के पास पीछे से आ रहे गन्ना भरे ट्रक ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर लगते ही मां-बेटी सड़क पर गिर पड़ीं और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पढ़ुआ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा, ढखेरवा चौकी प्रभारी भूपेंद्र सिंह व एसआई जुबेर अहमद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और यातायात सुचारु कराया.
बताया जा रहा है कि ट्रक बेलवापुरवा सेंटर से गन्ना लेकर खमरिया मिल जा रहा था.हादसे के बाद चालक ट्रक सहित भाग निकला, लेकिन रमियाबेहड़ के पास ट्रक छोड़कर फरार हो गया.पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है.
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल है.









